मथुरा। शहर की पॉश विकास मार्केट में पुलिस ने शुक्रवार की शाम स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक कार्यों का खुलासा किया। सीओ सिटी आशना चौधरी के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने दो स्पा सेंटरों से पांच युवतियों और छह युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। कार्रवाई के दौरान स्पा संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस को लंबे समय से विकास मार्केट में चल रहे इन स्पा सेंटरों से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सीओ सिटी के निर्देशन में टीम ने अचानक छापा मारा। पुलिस को यहां से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। सभी युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, स्पा सेंटर के नाम पर यहां गुप्त रूप से देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि कई बार संदिग्ध लोगों का आना-जाना देखा गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे गोरखधंधे के पीछे कौन लोग शामिल हैं और शहर के अन्य किन इलाकों में इस नेटवर्क की शाखाएं फैली हुई हैं। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि दोनों स्पा सेंटरों को सील कर दिया गया है और संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह के किसी भी गंदे धंधे को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम आगे भी ऐसे केंद्रों पर निगरानी रखेगी ताकि मथुरा की साख को कलंकित करने वाले कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

