आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र के कहरई मोड़ पर बाइक सवार हमलावरों ने 26 वर्षीय बेकरी संचालक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। भीड़ ने मौके पर दो युवकों को पकड़ लिया। जमकर पीटने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना बुधवार की रात गोलीकांड की घटना हुई। कावेरी विहार फेस टू के सामने खोखे पर मौजूद युवक को बाइक सवारों ने गोली मारी। गोली युवक के हाथ और कमर से रगड़ते हुई निकल गई। शोर शराबा होने पर भीड़ ने दो को दबोच लिया। अन्य हमलावर भागने में सफल रहे। हमलावरों की एक बाइक भी मौके पर छूट गई। हमले की वजह साफ नहीं हो सकी है पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

घटना रात करीब आठ बजे की बताई बरौली अहीर निवासी अतुल यादव कावेरी विहार फेस टू के पास बीड़ी सिगरेट के खोखे पर खड़ा था। तभी बाइकों पर वहां युवक आए। बिना किसी से कुछ बोले सीधे गोली चला दी। गोली चलते ही दहशत फैल गई। गोली अतुल के हाथ और कमर से रगड़ते हुए निकल गई। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जमा हो गए। घेराबंदी करके दो युवकों को दबोच लिया, सूचना पर पुलिस आ गई। भीड़ हमलावरों को पुलिस चौकी पर लेकर गई। दूसरी तरफ घायल अतुल को उपचार के लिए भेजा गया, उसकी हालत खतरे से बाहर है।

वारदात की जानकारी मिलते ही एसीपी सैय्यद अरीब अहमद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि दो लोगों को भीड़ की मदद से पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। घटना की वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस ने घायल से बातचीत की तो उसने यही बताया कि वह हमलावरों को नहीं जानता। पता नहीं उस पर हमला क्यों बोला। उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ है। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम भोले व दीपक निवासी महादेव नगर बताए। पुलिस को पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों के नाम राहुल, गोविंद आदि बताए। घटना की वास्तविक जानकारी करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जाएगी। गोली किसने चलाई है। इस बारे में भी जानकारी की जा रही है।