आगरा लाईब न्यूज। थाना सिकंदरा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। युवक की शिनाख्त आवास विकास निवासी के रूप में हुई है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दरअसल सोमवार दोपहर को आगरा दिल्ली रेलवे ट्रैक पर गुरु का ताल के पास रेलवे ट्रेक पर एक युवक का शव मिला। शव देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी के बाद शव की शिनाख्त आवास विकास सेक्टर आठ निवासी अजय कुमार गोयल के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि अजय हींग की मंडी स्थित एक शू कंपनी में अकाउंटेंट का काम करते थे। सुबह 10.30 बजे वो नौकरी पर जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वो रेलवे ट्रैक की तरफ आए। उन्होंने कुछ दूरी पर बाइक मैकेनिक की दुकान पर अपना एक्टिवा खड़ा किया। मैकेनिक से थोड़ी देर में आने की बात कही। करीब एक घंटे बाद लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की जानकारी दी। मैकेनिक ने अजय कुमार को पहचान लिया। उनके घर पर सूचना दी गई। इसके बाद उनके भाई ने पुलिस को सूचना दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों के मुताबिक़ अजय के साथ कुछ गलत हुआ है। उनकी जैकेट, पर्स और मोबाइल लापता हैं। वहीं पुलिस इसे प्रथमदृष्टया सुसाइड मान रही है। थाना प्रभारी हरीपर्वत आलोक सिंह ने बताया कि पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।