आगरा लाईब न्यूज। पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरैठा में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। गांव के निवासी शैलेश कुमार उपाध्याय ने ग्राम प्रधान पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी आगरा और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।शैलेश कुमार उपाध्याय का कहना है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर फंड का सही तरीके से उपयोग नहीं किया गया और योजनाओं में पारदर्शिता की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी धन का निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया है।इसके अलावा, अन्य ग्रामीणों जैसे सुम्मेर सिंह, रतिभान सिंह, कुलदीप सिंह भदौरिया, निरोत्तम सिंह, पुष्पा देवी आदि ने भी प्रधान द्वारा किए गए खर्च का आईटीआर के माध्यम से विवरण निकलवाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में हुए कार्यों की विस्तृत जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फंड का सही उपयोग हुआ है या नहीं।वहीं, ग्राम प्रधान ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि पंचायत में सभी कार्य योजनाबद्ध और नियमानुसार हो रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा गलत जानकारी फैलाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।