आगरा लाईव न्यूज। ताजनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ताजमहल को रात में खोलने और यमुना नदी में क्रूज संचालन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाल के अनुसार, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने ताजमहल से कैलाश मंदिर तक यमुना नदी के जलमार्ग विकास के लिए सर्वेक्षण किया है। इस सर्वेक्षण में पाया गया कि कैलाश मंदिर से ताजमहल तक यमुना की चौड़ाई 250 से 350 मीटर है, और इसके दोनों किनारे मजबूत हैं, जिससे नौका सेवाओं और क्रूज संचालन की संभावनाएं बनती हैं। सरकार की योजना के तहत जेटी और तट किनारे की सुविधाओं को विकसित करने के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। इसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इस परियोजना के तहत ताजमहल से पांच से छह किलोमीटर की दूरी तक सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी जोड़ा जाएगा।यूपी में योगी सरकार के आठ साल पूरे होने के अवसर पर 25 से 27 मार्च तक आगरा में जीआईसी मैदान में मेले का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को आगरा आए प्रभारी पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ताजमहल को रात में खोलने और आगरा किले में लाइट एंड साउंड शो आयोजित करने का विचार चल रहा है। इससे आगरा में रात्रि प्रवास बढ़ेगा, जिससे पर्यटन उद्योग को बड़ा लाभ मिलेगा।
ताजमहल को रात में खोलने और यमुना में क्रूज संचालन से होटल इंडस्ट्री, स्थानीय बाजार और अन्य पर्यटन सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। इससे विदेशी और देशी पर्यटकों का ठहराव आगरा में बढ़ेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और आगरा का पर्यटन उद्योग नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।