आगरा में सीएम योगी का भव्य आगमन, दरियानाथ मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना, नाथ संप्रदाय के शंखढाल कार्यक्रम में होंगे शामिल, सुशासन मेले में करेंगे 635 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण।
आगरा लाईव न्यूज। आगरा में आज एक ऐतिहासिक क्षण होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को राजा की मंडी स्थित प्राचीन दरियानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। खास बात यह है कि दो दिन पहले तक शहर के अधिकतर लोग इस मंदिर के बारे में नहीं जानते थे, लेकिन सीएम योगी के आगमन की खबर के बाद यह मंदिर सुर्खियों में आ गया है।
मंदिर में नाथ संप्रदाय का महायोग, भव्य स्वागत की तैयारी : नाथ संप्रदाय के ब्रह्मकालीन महंत योगी सिद्धनाथ के शंखढाल कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार से हो चुकी है। आज सीएम योगी को भव्य बग्घी में बिठाकर मंदिर लाया जाएगा। मंदिर में भैरों बाबा का पूजन करने के बाद वे धर्मसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान नाथ संप्रदाय के 18 रमतों के संत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगी पीर बालकनाथ महाराज और महंत पीर योगी शेरनाथ महाराज भी मौजूद रहेंगे।
सुशासन मेले में करेंगे 635 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ : मंदिर में पूजन-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित सुशासन मेले में शामिल होंगे। यहां वे 635 करोड़ रुपये की 128 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सीएम योगी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम : 12:00 बजे – गोरखपुर से खेरिया एयरपोर्ट, आगरा आगमन, 12:20 बजे – दरियानाथ मंदिर, राजा की मंडी पहुंचेंगे, पूजन और धर्मसभा 01:20 बजे – जीआईसी मैदान में सुशासन मेले में शामिल होंगे, 02:30 बजे – खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना, 02:50 बजे – लखनऊ प्रस्थान।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पूरे शहर में बढ़ी हलचल : सीएम योगी की यात्रा को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। मंदिर और कार्यक्रम स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उनके आगमन को लेकर शहर में भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु और आम जनता इस खास दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही है।
आगरा के इतिहास में दर्ज होगा यह दिन : दरियानाथ मंदिर, जो अब तक शहरवासियों के लिए अनजान था, आज एक ऐतिहासिक स्थान बनने जा रहा है। सीएम योगी के आगमन के साथ ही यह मंदिर आगरा के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है।