आगरा लाईव न्यूज। आगरा में मंगलवार को करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर हमला कर दिया।हमलावरों ने बुलडोजर लेकर गाड़ियों में तोड़फोड़ की, घर में घुसकर लूटपाट की, आगजनी की और पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया। इस घटना के बाद आगरा में तनाव फैल गया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव आज दोपहर 2 बजे आगरा पहुंचेंगे। वे पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और सपा नेताओं संग आपात बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। विपक्ष ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
करणी सेना का तांडव: सांसद के घर पर हमला, लूटपाट और हिंसा
आक्रोशित करणी सेना कार्यकर्ताओं ने सांसद रामजीलाल सुमन के हरीपर्वत स्थित एचआईजी आवास पर धावा बोल दिया। उपद्रवियों ने –बुलडोजर लेकर घर पर हमला किया, गाड़ियों के शीशे तोड़े और उन्हें पलटने की कोशिश की, घर में घुसकर कीमती सामान और नगदी लूटी, सांसद व उनके समर्थकों को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी, पथराव कर पुलिसकर्मियों को घायल किया।इस हमले के बाद पूरे इलाके में अराजकता का माहौल बन गया और शहर में दहशत फैल गई।
पुलिसकर्मियों पर भी हमला, कई घायल
हमले के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी हिंसा की चपेट में आ गए। उपनिरीक्षक दिनेश कुमार का सिर फट गया। निरीक्षक आलोक कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। कई अन्य पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आए। पुलिस ने करणी सेना के नेता ओकेन्द्र राणा और अन्य अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिवपाल यादव आज पहुंचेंगे आगरा, रणनीति पर होगी हाई-लेवल बैठक
हमले के बाद समाजवादी पार्टी ने इसे ‘लोकतंत्र पर हमला’ बताया और सरकार को घेरा। आज दोपहर 2 बजे शिवपाल यादव सांसद सुमन के आवास पर पहुंचेंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे। वे सपा नेताओं संग आपात बैठक करेंगे और सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करने की रणनीति बना सकते हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस हमले को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने ट्वीट कर कहा –”भाजपा सरकार में असहमति की आवाज़ को दबाने के लिए हिंसा को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह सिर्फ सांसद सुमन पर नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज और लोकतंत्र पर हमला है। सपा कार्यकर्ता इस तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।”
भाजपा सरकार पर विपक्ष का हमला, कानून-व्यवस्था पर सवाल
पुलिस को पहले से धमकियों की जानकारी थी, फिर सांसद को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई? करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर कैसे पहुंचे? हमले के बाद अब तक कितनी गिरफ्तारी हुई? क्या भाजपा सरकार करणी सेना को बचा रही है?इस हमले ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष सरकार पर दोहरे रवैये और अपराधियों को खुली छूट देने का आरोप लगा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है और शिवपाल यादव के दौरे के बाद सपा क्या बड़ा कदम उठाती है।
क्या होगी आगे की कार्रवाई?
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। करणी सेना के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
क्या यह मुद्दा विधानसभा और संसद तक पहुंचेगा?
क्या सपा इस घटना को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगी?
अब पूरा देश देख रहा है कि इस हमले के बाद योगी सरकार क्या कदम उठाती है।