आगरा। आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने यमुना नदी पर बने बल्केश्वर, कैलाश घाट तथा अन्य छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों पर चल रही तैयारियों को देखा और छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सेफ्टी वॉट, गोताखोरों की तैनाती, आवागमन मार्गों की मरम्मत, घाटों पर आने-जाने के रास्तों की व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, तथा साइनेज लगाने जैसे कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम द्वारा घाटों की नियमित सफाई और कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए, जबकि पुलिस प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी को सुरक्षा तथा प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कैलाश घाट का भी निरीक्षण कर यमुना किनारे बने घाटों पर सुरक्षा, जल-स्तर और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना-रहित और सुविधायुक्त छठ आयोजन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए, ताकि छठ व्रतियों को कोई परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, सहायक नगरायुक्त अशोक गौतम सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

